अजरबैजान भेजने के नाम पर लाखों की ठगी,दफ्तर बंद कर भागा ट्रैवल एजेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जालंधर। पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक पीड़ित ने ट्रैवल एजेंट पर पैसे लेने के बाद विदेश न भेजने और रकम वापस न करने के आरोप लगाए हैं।

पीड़ित गुरप्रीत ने आज प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि उसने सोशल मीडिया पर एमबीडी मॉल स्थित वाणी वीजा सर्विस का विज्ञापन देखा था। इसके बाद वह 15 जून 2025 को अजरबैजान जाने के लिए एजेंट बलराम सिंह उर्फ शेरा, उसके भाई और शिवानी से मिला।

गुरप्रीत के अनुसार, एजेंट ने विदेश भेजने के लिए 1.40 लाख रुपये और मेडिकल के लिए 5 हजार रुपये लिए। इस तरह उसने कुल 1.45 लाख रुपये दिए। उसके साथ उसके कजिन के दो भाइयों ने भी अजरबैजान के लिए आवेदन किया था।

पीड़ित का आरोप है कि 9 जुलाई को एजेंट ने उन्हें अजरबैजान की टिकट दी, लेकिन टिकट जांचने पर वह डुप्लीकेट निकली। इसके बाद एजेंट ने सीजफायर सहित कई कारण बताकर विदेश भेजने की तारीख आगे बढ़ाता रहा।

जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें बार-बार टाल दिया गया। गुरप्रीत ने बताया कि उसने इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी थी। करीब दो महीने बाद थाना प्रभारी की ओर से कार्रवाई को लेकर फोन आया, लेकिन उसके बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित के अनुसार अब ट्रैवल एजेंट ने अपना कार्यालय भी बंद कर दिया है और करीब एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसका फोन नहीं उठाया जा रहा। गुरप्रीत ने बताया कि उसने एजेंट को भुगतान नकद किया था। वहीं, उसके भाई गोविंद को एजेंट की ओर से एक लाख रुपये वापस किए जाने की बात भी सामने आई है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच करवाने और कथित ट्रैवल एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके पैसे वापस दिलाने की मांग की है।