सिंगापुर, 28 अगस्त: गिरती जन्म दर से चिंतित सिंगापुर सरकार ने परिवारों को बच्चों की परवरिश में आर्थिक राहत देने के लिए SG Child Support Package की घोषणा की है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग द्वारा घोषित इस नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पात्र सिंगापुर नागरिक बच्चे को जन्म से 17 वर्ष की उम्र तक लगभग 70,000 सिंगापुर डॉलर तक का प्रत्यक्ष सरकारी सहयोग मिल सकता है। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग ₹47–50 लाख के आसपास बैठती है।
नई योजना अप्रैल 2027 से लागू होगी और मौजूदा Baby Bonus तथा Large Families Scheme की जगह लेगी। सरकार के अनुसार, हर बच्चे को जन्म क्रम की परवाह किए बिना समान स्तर का समर्थन मिलेगा।
क्या-क्या मिलेगा?
योजना के तहत बच्चे के जन्म पर S$10,000 Baby Gift, S$5,000 Medi Save Grant, Child Development Account में S$5,000 की शुरुआती राशि और सरकार की ओर से S$5,000 तक मैचिंग सहायता शामिल है। इसके अलावा 1 से 16 वर्ष की उम्र तक हर साल S$2,000 Child Credits तथा 17 वर्ष की उम्र में S$10,000 Post-Secondary Education Account में टॉप-अप दिया जाएगा।
सरकार का यह कदम देश में लगातार कम हो रही जन्म दर और बच्चों की परवरिश के बढ़ते खर्च के बीच आया है। सिंगापुर सरकार का कहना है कि आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवारों को childcare, housing और अन्य सुविधाओं में भी मदद दी जाएगी।












