Air India Flight : एअर इंडिया प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम हुआ फेल

Air India

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली (ट्रेवल पोस्ट) Air India Flight : तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली (त्रिची) एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम को उस समय हड़कंप मच गया जब एअर इंडिया के एक विमान का हाइड्रोलिक फेल हो गया. इस विमान में 140 यात्री सवार थे. विमान के पायलट ने एयरपोर्ट के अधिकारियों को जानकारी दी कि विमान का हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हो गया है और इसके चलते विमान लैंड नहीं कर सकता. इसके चलते घंटों तक विमान आसमान में ही चक्कर लगाता रहा. हालांकि करीब 8:14 बजे विमान सुरक्षित लैंड कर गया. लैंडिंग होने पर एयरपोर्ट पर लोगों ने पायलट के लिए तालियां बजाईं.

140 यात्रियों को लेकर फ्लाइट ने शाम 5.43 बजे त्रिची एयरपोर्ट से शारजाह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन जल्द ही उसमें तकनीकी खराबी आ गई. त्रिची हवाई अड्डे के निदेशक के अनुसार, पायलट ने हाइड्रोलिक विफलता के बारे में हवाई स्टेशन को सूचित किया था. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “तिरुचिरापल्ली से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 613 सुरक्षित रूप से तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे पर उतर गई है. DGCA स्थिति की निगरानी कर रहा था. लैंडिंग गियर खुल रहा था. फ्लाइट सामान्य रूप से उतर गई है. हवाई अड्डे को अलर्ट मोड पर रखा गया है.”

Air India Flight :

एय़रपोर्ट डायरेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले विमान के हवा में रहते हुए ईंधन डंपिंग करने पर विचार किया गया था. लेकिन विमान आवासीय क्षेत्र के ऊपर चक्कर लगा रहा था, इसलिए ऐसा करना सही नहीं समझा गया. विमान के बेली लैंडिग कराने का विकल्प भी हमारे पास था. इसके लिए तैयारियों भी पूरी कर ली गई थी. इस दौरान एंबुलेंस और राहत बचाव टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया था. विमान के पायलेट की सूझबूझ और एयरपोर्ट से तालमेल के चलते विमान सुरक्षित लैंड कर गया. सभी यात्री सुरक्षित हैं. हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने के कारणों की जांच की जा रही है.