वाराणसी(ट्रैवल पोस्ट) Passenger opened emergency gate : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब गुरुवार रात बेंगलुरु जा रहे एक विमान के यात्री ने उड़ान से पहले एप्रन से रनवे की ओर बढ़ते वक्त इमरजेंसी गेट खोल दिया। अचानक हुई इस घटना से विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई।
पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को वापस एप्रन पर ले आया। उसके बाद यात्री को विमान से उतारकर सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया। इस कारण विमान एक घंटे देरी से रवाना हो सका।
Passenger opened emergency gate : जानकारी के अनुसार, अकासा एयरलाइंस का विमान क्यूपी 1491 मुंबई से उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर शाम 7:20 बजे पहुंचा। यही विमान क्यूपी 1424 बनकर वाराणसी से बेंगलुरु के लिए शाम 7:55 बजे उड़ान भरने के लिए एप्रन से रनवे की ओर जा रहा था।
इस दौरान क्रू मेंबर यात्रियों को सुरक्षा नियमों जानकारी दे रहे थे। इमरजेंसी गेट खोलने का तरीका भी बताया गया। इस बीच सुलतानपुर निवासी यात्री अजय तिवारी ने विमान का इमरजेंसी डोर खोल दिया। क्रू मेंबर्स ने तत्काल इसकी सूचना पायलट को दी। पायलट ने एटीसी से संपर्क किया और विमान को वापस लेकर आया।












