जालंधर (ट्रैवल पोस्ट) Adampur-Hindon flight canceled : जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट से गाजियाबाद (हिंडन) के लिए संचालित स्टार एयर की सभी उड़ानें 3 सितंबर तक रद्द कर दी गई हैं। उड़ानों के अचानक बंद होने से नियमित यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। यह रूट दोआबा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचने का एक सुविधाजनक विकल्प था, लेकिन बार-बार हो रही उड़ान रद्दीकरण की वजह से लोगों को अब चंडीगढ़ और अमृतसर एयरपोर्ट पर निर्भर होना पड़ रहा है।
Adampur-Hindon flight canceled : जालंधर से दिल्ली काम के लिए जाने वाले एक यात्री ने बताया, “हमारे लिए आदमपुर एयरपोर्ट बहुत सुविधाजनक था। अब बार-बार फ्लाइट रद्द होने से हमें सड़क मार्ग या अन्य शहरों से हवाई यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे परेशानी दोगुनी हो गई है।” यात्रियों ने कहा कि एयरलाइन को यात्रियों को पहले से सही जानकारी देनी चाहिए।
यात्रियों का कहना है कि कई बार टिकट बुक करने के बाद अचानक उड़ान रद्द होने से मीटिंग्स, पारिवारिक कार्यक्रम और जरूरी कार्यों पर असर पड़ता है। इस अस्थिरता के कारण न केवल समय बर्बाद होता है, बल्कि यात्रा की योजना भी बाधित होती है। यात्रियों ने स्टार एयर से मांग की है कि उड़ान सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए और शेड्यूल को स्थिर बनाया जाए, ताकि उन्हें बार-बार की असुविधा से राहत मिल सके।












