नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) Delhi Airport Terminal : दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) अब और भी स्मार्ट और अत्याधुनिक बन चुका है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने 25 अक्टूबर 2025 को अपग्रेडेड टर्मिनल-2 (T2) को दोबारा यात्रियों के लिए खोल दिया है। इसका उद्घाटन नागरिक उड्डयन मंत्री किञ्जरापु राममोहन नायडू ने किया। चार दशक पुराने इस टर्मिनल को अब पूरी तरह मॉडर्न लुक और हाई-टेक सिस्टम्स के साथ तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।
नई तकनीकों से लैस टर्मिनल-2 अब पूरी तरह टेक्नोलॉजी-ड्रिवन है। यहां पहली बार Self Baggage Drop (SBD) सुविधा शुरू की गई है, जिससे यात्री खुद अपना बैग टैग कर सकेंगे और चेक-इन प्रक्रिया में समय की बचत होगी। साथ ही, छह नए पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज (PBBs) लगाए गए हैं ताकि विमान तक पहुंचना और भी सुविधाजनक और सुरक्षित हो। इसके अलावा, वर्चुअल इंफॉर्मेशन डेस्क के ज़रिए यात्री रीयल-टाइम फ्लाइट डिटेल्स, गेट जानकारी, एयरपोर्ट स्टोर्स और सर्विसेज की जानकारी पा सकेंगे और वाई-फाई कूपन भी जेनरेट कर सकेंगे।
Delhi Airport Terminal : टर्मिनल के डिजाइन में रोशनी और खुलापन बढ़ाने के लिए नई छतों और स्काईलाइट्स का इस्तेमाल किया गया है। बेहतर साइनज, फ्लोरिंग और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं इसे और भी यूज़र-फ्रेंडली बनाती हैं। एयर क्वालिटी और कम्फर्ट के लिए HVAC सिस्टम अपग्रेड किया गया है, जबकि सुरक्षा के लिए नई फायर सेफ्टी सिस्टम और मजबूत इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर जोड़ा गया है।
टर्मिनल-2 के संचालन से एयरलाइन ऑपरेशंस में भी बदलाव किए गए हैं। अब IndiGo तीनों टर्मिनलों से उड़ानें संचालित करेगी T1 से मौजूदा घरेलू उड़ानें, T2 से 6E 2000–2999 सीरीज और T3 से 6E 5000–5999 व सभी इंटरनेशनल उड़ानें। वहीं, Air India अपनी लगभग 60 घरेलू उड़ानों को T3 से T2 पर शिफ्ट करेगी। Air India Express, SpiceJet और Akasa Air की उड़ानें फिलहाल T1 से ही चलती रहेंगी।
कुल मिलाकर, अपग्रेडेड टर्मिनल-2 के साथ दिल्ली एयरपोर्ट अब और भी स्मार्ट, सुरक्षित और फ्यूचर-रेडी बन गया है जो भारत के तेजी से विकसित हो रहे एविएशन सेक्टर की नई उड़ान को दर्शाता है।