Winter Schedule 2025 : शीतकालीन उड़ान शेड्यूल 2025: 6% बढ़ीं उड़ानें, चार नए एयरपोर्ट्स से शुरू होंगी सेवाएं, इंडिगो ने बरकरार रखी बादशाहत

नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) Winter Schedule 2025 : देश के हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। शीतकालीन उड़ान शेड्यूल 2025 जारी कर दिया गया है, जिसमें इस बार लगभग 6% उड़ानों की वृद्धि की गई है। यह नया शेड्यूल 26 अक्टूबर 2025 से 28 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, इस सीजन में प्रति सप्ताह 26,495 उड़ानें संचालित की जाएंगी, जबकि पिछले साल यह संख्या 25,007 थी। यानी यात्रियों को इस बार ज्यादा फ्लाइट विकल्प, बेहतर कनेक्टिविटी और तेज़ ट्रैवल सर्विस मिलेगी।

इस शेड्यूल में चार नए एयरपोर्ट अमरावती (महाराष्ट्र), हिस्सार (हरियाणा), पूर्णिया (बिहार) और रूपसी (असम) को शामिल किया गया है। अब इन एयरपोर्ट्स से नियमित उड़ानें शुरू होंगी, जिससे छोटे शहरों को देश के बड़े नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। वहीं, कुछ एयरपोर्ट्स अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट, भावनगर, लुधियाना, पाक्योंग और श्रावस्ती से उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित की गई हैं। इस बार 126 एयरपोर्ट्स से उड़ानें संचालित होंगी, जबकि गर्मियों के शेड्यूल में यह संख्या 129 थी।

Winter Schedule 2025 : DGCA के मुताबिक, उड़ानों की संख्या बढ़ने से त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और टिकट कीमतों पर नियंत्रण बना रहेगा। सर्दियों में आमतौर पर एयर ट्रैफिक में बढ़ोतरी होती है, इसलिए एयरलाइनों ने यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए अपने नेटवर्क का विस्तार किया है।

यह नया शेड्यूल देश के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। पूर्णिया और रूपसी जैसे नए एयरपोर्ट्स से उड़ानों की शुरुआत इन इलाकों के यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक हवाई यात्रा का विकल्प देगी। इससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जहां तक एयरलाइनों की बात है, इंडिगो (IndiGo) ने एक बार फिर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। उसे 15,014 साप्ताहिक उड़ानों की मंजूरी मिली है, जिससे वह देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन बनी हुई है। एयर इंडिया को 4,277, एयर इंडिया एक्सप्रेस को 3,171, स्पाइसजेट को 1,568, अकासा एयर को 1,027, स्टार एयर को 538, अलायंस एयर को 520, फ्लाई91 को 196, इंडिया वन को 126 और फ्लाई बिग को 58 उड़ानों की अनुमति मिली है।

इन आंकड़ों से साफ है कि इंडिगो घरेलू बाजार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी बनाए रखे हुए है, जबकि अन्य एयरलाइंस भी नए रूट्स और सेवाओं के जरिए अपने नेटवर्क को लगातार विस्तार दे रही हैं।