नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) Technical fault in the aircraftt : एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी समस्या के कारण मंगोलिया में आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हो गया। यह विमान सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए दिल्ली जा रहा था।
उड़ान के दौरान चालक दल को विमान में तकनीकी खराबी का संदेह हुआ, जिसके बाद सोमवार को सावधानी बरतते हुए विमान को मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में उतारा गया। एयर इंडिया के अनुसार, विमान सुरक्षित उतर गया है और अभी उसकी जाँच चल रही है।
एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा कि वह सभी यात्रियों की मदद के लिए काम कर रहा है और उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुँचाने का प्रयास कर रहा है। कंपनी ने इस घटना से हुई असुविधा के लिए माफी माँगते हुए कहा कि उनके लिए यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।
इस उड़ान में एक बोइंग 777 विमान का इस्तेमाल किया जा रहा था। विमान में सवार यात्रियों की सहायता के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी जुटे हुए हैं।