नई दिल्ली (ट्रैवेल पोस्ट) Delhi-Hisar-Ayodhya flight cancelled : दिल्ली-हिसार से अयोध्या और अयोध्या से वापसी की उड़ान को तकनीकी खामी के चलते रद्द कर दी गई। फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी यात्रियों को ऐन वक्त पर एयरपोर्ट पहुंचने पर मिली, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा निरस्त कर दी, जबकि कुछ को निजी वाहनों से सफर करना पड़ा।
Delhi-Hisar-Ayodhya flight cancelled : फ्लाइट रद्द होने से अग्रसेन भवन ट्रस्ट की तरफ से निशुल्क यात्रा पर अयोध्या गए 12 बुजुर्गों का खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुजुर्गों की वापसी के लिए ट्रस्ट की तरफ से अयोध्या से हिसार के लिए निजी वाहन की व्यवस्था की गई। बुजुर्ग यात्री सोमवार सुबह हिसार पहुंचेंगे। उधर, एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा। अधिकृत जानकारी एयर एलायंस प्रबंधन ही दे सकता है। इससे पहले 26 मई को भी अयोध्या से हिसार की फ्लाइट रद्द कर दी गई थी और यात्रियों को हिसार पहुंचाने के बजाय दिल्ली पहुंचा दिया गया था।
अग्रसेन भवन ट्रस्ट की तरफ से 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गाें को अयोध्या की निशुल्क हवाई यात्रा करवाई जा रही है। शुक्रवार को 12 बुजुर्ग हिसार से फ्लाइट में अयोध्या गए थे। रविवार को वापसी थी। दोपहर एक बजे हिसार के लिए फ्लाइट थी। कुछ देर पहले ही एलायंस एयर की तरफ से बताया कि तकनीकी कारणों की वजह से फ्लाइट हिसार नहीं जाएगी। यात्री अपनी वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। अचानक फ्लाइट रद्द होने से बुजुर्ग यात्रियों को काफी परेशानी हुई। उन्होंने फोन के जरिए ट्रस्ट के पदाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद ट्रस्ट ने निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें वैकल्पिक यात्रा सुविधा प्रदान की।












