नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) SpiceJet launches paperless boarding : हवाई यात्रियों के लिए एक और खुशी की खबर है। वेब चेक-इन और डिजी यात्रा के बाद अब जल्द ही आप अपने व्हाट्सएप पर ही फ्लाइट में सीधी एंट्री का पास पा सकेंगे। डिजिटल युग में हवाई यात्रा को और भी आसान बनाने के लिए स्पाइसजेट ने शिलांग एयरपोर्ट पर पेपरलेस बोर्डिंग प्रक्रिया की शुरुआत की है, जो न केवल तेज़ और सुविधाजनक है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभकारी साबित होगी।
स्पाइस जेट के अनुसार, एयरपोर्ट पर चेक-इन करने वाले स्पाइस जेट के यात्रियों को पेपर बोर्डिंग पास लेने की जरूरत नहीं होगी। अब उनको उनका बोर्डिंग पास उनके व्हाट्सएप पर ही तैयार मिलेगा। एयरलाइंस की यह पहल न केवल चेक-इन के वेटिंग टाइम को कम करेगी, बल्कि कागज का उपयोग कम करके पर्यावरण के प्रति जागरूक यात्रा को बढ़ावा देगी।
SpiceJet launches paperless boarding : इस खास सिस्टम से संभव हुआ वेब डिपार्चर का जादू
स्पाइसजेट का यह जादू उनके खास वेब डिपार्चर कंट्रोल सिस्टम (WEBDCS) की वजह से संभव हुआ है। यह एक ऐसा ब्राउज़र-आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए चेक-इन स्टाफ टैबलेट या कंप्यूटर से व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए डिजिटल बोर्डिंग पास भेज सकते हैं. साथ ही, बैगेज टैग भी एसएमएस के जरिए मिल जाएगा।
जल्द देश के दूसरे एयरपोर्ट पर भी होगी यह सुविधा
स्पाइसजेट की योजना है कि इस पेपरलेस बोर्डिंग सुविधा को जल्द ही भारत के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी शुरू किया जाए। एयरलाइंस के सीईओ जीपी गुप्ता के अनुसार, हम स्पाइसजेट में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। शिलांग में शुरू हुई यह सुविधा जल्द ही देश के अन्य एयरपोट्स पर ले जाएंगे।













