वाशिंगटन (ट्रैवल पोस्ट) US government shutdown : अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन ने अब हवाई यात्रा को सीधे तौर पर प्रभावित करना शुरू कर दिया है। देश का यह शटडाउन अपने इतिहास के सबसे लंबे दौर में पहुंच चुका है और इसके चलते देश के 40 प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन में 10 प्रतिशत की कटौली की घोषणा की गई है।
स्टाफ की कमी ने बढ़ाया सुरक्षा का जोखिम
परिवहन सचिव सीन डफी ने बुधवार को इस फैसले की घोषणा करते हुए बताया कि यह कदम एयर ट्रैफिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। शटडाउन के कारण हजारों एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) के अधिकारी बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं, जिससे स्टाफ की कमी और उनकी बढ़ती थकान ने उड़ान सुरक्षा पर खतरा पैदा कर दिया है।
रिकॉर्ड तोड़ अवधि, यात्रियों पर असर
यह शटडाउन अब 36 दिन हो चुका है, जो 2018-19 के 35 दिनों के पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक लंबा है। सरकारी बजट को लेकर कांग्रेस में गतिरोध के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इस उड़ान कटौती का सीधा असर वाणिज्यिक और मालवाहक उड़ानों पर पड़ेगा और अनुमान है कि रोजाना 3,500 से 4,000 उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं, जिससे पूरे देश में उड़ानों में देरी और रद्द होने की घटनाएं बढ़ेंगी।
US government shutdown : थैंक्सगिविंग सीजन पर मंडराया संकट
यह फैसला अमेरिका के सबसे व्यस्त यात्रा सीजन थैंक्सगिविंग से ठीक पहले आया है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि अगर शटडाउन जारी रहा, तो इस दौरान लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाएं चौपट हो सकती हैं। हालांकि, एयरलाइन उद्योग संगठन ‘एयरलाइंस फॉर अमेरिका’ ने कहा है कि वह सरकार के साथ मिलकर यात्रियों पर पड़ने वाले असर को कम करने की कोशिश कर रहा है।
एयरलाइनों ने शुरू की तैयारी
इस संकट से निपटने के लिए प्रमुख एयरलाइनों जैसे यूनाइटेड एयरलाइंस, अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा एयर लाइंस ने एफएए से अनुरोध किया है कि इस कटौती को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए। इन कंपनियों ने फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव और स्टाफ की तैनाती में एडजस्टमेंट की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है ताकि यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम से कम किया जा सके।