-
नए कोरोना वायरस को देखते हुए पहले भारत सरकार ने ब्रिटेन से अपनी उड़ानों पर रोक लगा दी थी
एयर इंडिया ने ब्रिटेन की उड़ानों की टिकट बुकिंग शुरू कर दी हैं। एयर इंडिया ने ट्वीट करते हुए कहा कि भारत से ब्रिटेन की उड़ानों की टिकट को यात्री एयर इंडिया की वेबसाइट,बुकिंग कार्यालय और ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से खरीद सकते हैं। भारत और ब्रिटेन के बीच एयर इंडिया की उड़ाने अभी खुली हैं। अभी जिन उड़ानों की बुकिंग को खोला गया है उनमें मुंबई-लंदन हीथ्रो, दिल्ली-लंदन हीथ्रो, लंदन हीथ्रो-मुंबई और लंदन हीथ्रो-दिल्ली की उड़ाने शामिल हैं।
एयर इंडिया ने साफ किया है कि यह उड़ाने नियमित उड़ानों से अतिरिक्त हैं। शनिवार को ही भारत सरकार ने ब्रिटेन से उड़ान सेवाओं को बहाल करने का फैसला लिया था। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि दोनों देशों के बीच उड़ाने सेवाओं को शुरू किया जाएगा। भारत से ब्रिटेन के बीच 6 जनवरी से उड़ान सेवा शुरू होगीं तो वहीं ब्रिटेन से भारत के लिए 8 जनवरी से उड़ान सेवाओं को शुरू किया जाएगा। दोनों देशों के बीच हफ्ते में 30 उड़ानों का संचालन होगा। इसमें से 15-15 उड़ानों का संचालन दोनों देशों से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि उड़ानों का यह शेड्यूल 23 जनवरी तक रहेगा। उसके बाद अगला फैसला लिया जाएगा।
भारत ने ब्रिटेन से उड़ान सेवाओं को किया था बंद
नए कोरोना वायरस को देखते हुए भारत ने 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक ब्रिटेन से अपनी उड़ान सेवाओं को बंद कर दिया था। भारत सरकार ने ब्रिटेन से अपनी उड़ानों की रोक को बढ़ा दिया था। ब्रिटेन में फैल रहे नए कोरोना वायरस की वजह से भारत सरकार ने यह फैसला किया था।
भारत सरकार ने ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। इन गाइडलाइनों में यात्रा करने से पहले कोविड नेगेटिव रिपोर्ट को देना जरूरी है तो वहीं यात्रियों को एयरपोर्ट पर अपने खर्चे से टेस्ट करवाना होगा आदि संबंधित नियम हैं। इन नियमों का यात्रियों को सख्ती के साथ पालन करना होगा।
