52 flights affected in a week, three cancelled, passengers’ troubles increased
गोरखपुर (ट्रैवल पोस्ट) Gorakhpur Airport News : एयरपोर्ट पर बीते एक सप्ताह से विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।रनवे से लेकर एप्रन और तकनीकी दिक्कतों ने यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। पिछले सात दिनों में करीब 52 उड़ानें प्रभावित हुईं, जिनमें से तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं।
बाकी उड़ानों में 40 मिनट से लेकर 1 घंटे 45 मिनट तक की देरी देखी गई। औसतन हर दिन 6 से 8 उड़ानों में विलंब हुआ, जिससे करीब 5200 से ज्यादा यात्री परेशान हुए। प्रभावित 52 उड़ानों में औसतन एक घंटे की देरी मानें तो गोरखपुर एयरपोर्ट पर कुल 52 घंटे की उड़ान देरी दर्ज की गई।
इसके चलते यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। कई बार तो विमान लैंडिंग के बाद भी यात्रियों को टैक्सी वे पर 10 से 90 मिनट तक कैद रहना पड़ा क्योंकि एप्रन पर पहले से विमान खड़े थे। गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद,बेंगलुरु और कोलकाता के लिए रोजाना 12 सीधी उड़ानों का संचालन होता है, लेकिन इन दिनों दिल्ली एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत के चलते वहां की उड़ानों के टाइम स्लाट बदल दिए गए हैं। इसका असर गोरखपुर की उड़ानों पर भी पड़ा है।
स्पाइस जेट की दिल्ली और मुंबई रूट की तीन उड़ानें तकनीकी कारणों से रद कर दी गईं। इससे यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई तो कई को जरूरी मीटिंग्स या आयोजनों में शामिल होने का मौका नहीं मिला।
