नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) : Indigo Started Direct Flights : देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने भारत और चीन के बीच हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से चीन के ग्वांगझू शहर के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है। 10 नवंबर से शुरू हुई यह दैनिक उड़ान सेवा एयरलाइन के ए320नियो विमान से संचालित की जा रही है। यह दिल्ली को कोलकाता के बाद ग्वांगझू से सीधे जोड़ने वाला दूसरा भारतीय शहर बना दिया है। इस नई सेवा के साथ ही इंडिगो अब दिल्ली से कुल 21 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित कर रही है।
कोविड के बाद फिर से जीवंत हुई भारत-चीन उड़ान सेवाएं
गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी और पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के चलते भारत और चीन के बीच की सीधी उड़ान सेवाएं लंबे समय से निलंबित थीं। हाल के कूटनीतिक प्रयासों के बाद इन सेवाओं को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में पिछले महीने 26 अक्टूबर को कोलकाता-ग्वांगझू मार्ग पर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं, जबकि 9 नवंबर को चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने दिल्ली-शंघाई के बीच सीधी उड़ानें शुरू कीं।
Indigo Started Direct Flights : उड़ान समय और किराया
दिल्ली-ग्वांगझू उड़ान शाम 9:45 बजे दिल्ली से रवाना होती है और अगले दिन सुबह 4:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) ग्वांगझू पहुंच जाती है। इस उड़ान की अवधि 4 घंटे 35 मिनट है। स्काईस्कैनर के अनुसार, इस मार्ग पर वन-वे डायरेक्ट फ्लाइट का किराया लगभग 24,738 रुपये से शुरू होता है।
चाइना सदर्न एयरलाइंस के साथ कोडशेयर साझेदारी की तैयारी
इंडिगो ने चाइना सदर्न एयरलाइंस के साथ कोडशेयर साझेदारी के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता नियामक अनुमोदन के अधीन है। कोडशेयर साझेदारी लागू होने के बाद यात्री एक ही टिकट पर दोनों एयरलाइनों की उड़ानों से यात्रा कर सकेंगे, जिससे चीन के विभिन्न शहरों तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। यह कदम भारत और चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक और पर्यटन संबंधों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।












