Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट 20 नवंबर को 6 घंटे के लिए रहेगा बंद

Mumbai Airport

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली (ट्रैवल पोस्ट) : Mumbai Airport : एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे मेंटेनेंस कार्य के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे। यह वार्षिक पोस्ट-मानसून मेंटेनेंस हर साल सुरक्षा और संचालन मानकों को मजबूत करने के लिए किया जाता है।

इस दौरान रनवे की विस्तृत जांच, सतह की मरम्मत, लाइटिंग सिस्टम, मार्किंग और ड्रेनेज सिस्टम जैसे अहम तकनीकी हिस्सों का परीक्षण किया जाएगा। प्रबंधन ने बताया कि सभी काम अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं ताकि उड़ानों की सुरक्षा और दक्षता सुनिश्चित की जा सके।

Mumbai Airport : दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद मुंबई एयरपोर्ट देश का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां रोजाना लगभग 950 उड़ानें संचालित होती हैं। यहां का मुख्य रनवे 9/27 और सेकेंडरी रनवे 14/32 एक-दूसरे को इंटरसेक्ट करते हैं।

रनवे बंद रहने से उड़ानों पर असर पड़ना तय है, लेकिन इसके लिए पहले ही NOTAM जारी कर दिया गया है। NOTAM एक आधिकारिक सूचना होती है, जिसे उड़ान संचालन से जुड़े कर्मियों के लिए जारी किया जाता है, ताकि एयरलाइंस अपने शेड्यूल और संसाधनों की योजना समय रहते बना सकें।